बसना : जबरन घुसकर बेदखली के नाम पर अश्लील गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी
बसना अंतर्गत ग्राम भठोरी में घर में जबरन घुसकर बेदखली के नाम पर अश्लील गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और घर तोड़ने के प्रयास का मामला सामने आया है. मामले की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भठोरी निवासी सुमन पटेल पति जागेश्वर पटेल के ससुर रूपसाय पटेल को शासन से भूमिस्वामी हक के तहत भूमि खसरा नंबर 311/4 (रकबा 148 वर्ग मीटर), खसरा नंबर 309/5 (रकबा 377.05 वर्ग मीटर) एवं खसरा नंबर 311/5 (रकबा 39.23 वर्ग मीटर) का शासकीय पट्टा प्राप्त हुआ है. जो वर्तमान में खसरा नंबर 309/5 स्थित भूमि पर मकान बनाकर शांतिपूर्वक निवास कर रहा है.
सुमन के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 01:00 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थी. उसी दौरान गांव के ही सियाराम पटेल और सुरेश पटेल अपने अन्य साथियों के साथ एकराय होकर उनके घर में घुस आए.
जहाँ अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने कहा कि "तुम लोग घर को खाली करो, नहीं तो तुम लोगों को मारकर उसी घर में दफना देंगे" और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए मकान को तोड़ने का प्रयास करने लगे.
जब पीड़िता के पति जागेश्वर पटेल ने आरोपियों के इस कृत्य का विरोध किया और मना किया, तो उनके साथ भी अश्लील गाली-गलौज की गई. घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुँचकर लिखित शिकायत सौंपी.
पीड़िता की शिकायत पर बसना पुलिस ने आरोपी सियाराम पटेल, सुरेश पटेल एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.