महासमुंद : बस संचालकों की बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने दि... - CG Sandesh

महासमुंद : बस संचालकों की बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

बस का संचालन स्वीकृत रूट और परमिट में उल्लेखित शर्तों के अधीन हो

जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला की अध्यक्षता में आज बस यूनियन के कार्यालय बस स्टैंड महासमुंद में सभी निजी संचालकों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और नियमबद्ध बनाना था। 

बैठक में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा सभी बस संचालकों को महत्वपूर्ण विषयों पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी शुक्ला ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिए है कि वे अपनी बसों का संचालन परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही करेंगे। 

समय पर बसों का परिचालन न करने या अन्य बसों को प्रभावित करने की स्थिति में सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक बस का संचालन उसके स्वीकृत रूट और परमिट में उल्लेखित शर्तों के अधीन ही होना चाहिए। रूट उल्लंघन, बिना परमिट संचालन या क्षमता से अधिक यात्री बैठाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी संचालकों को अपनी बसों का नियमित मेंटेनेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र  और वैध बीमा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अनफिट पाई जाने वाली बसों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाई जाएगी। 

शासन द्वारा लागू की गई नई किराया सूची का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। सभी बस संचालकों को अपनी बसों के भीतर यात्रियों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर नई किराया सूची (फेयर चार्ट) चस्पा करनी होगी। यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी ने सभी संचालकों को निर्देश देते हुए कहा है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के परमिट और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें