बाल संप्रेक्षण गृह से फिर फरार हुआ अपचारी बालक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित कोडिया बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने की घटना सामने आई है। शनिवार सुबह सुरक्षाकर्मियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर बालक चैनल गेट खोलकर परिसर से बाहर निकल गया। गिनती के दौरान उसके गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद संस्थान में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
चोरी के मामले में 27 सितंबर को लाया गया था
जानकारी के मुताबिक, पोंडीबहार निवासी बालक को चोरी के एक मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद सुरक्षाकर्मी अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक ने मौका पाकर चैनल गेट खोला और वहां से फरार हो गया।
गिनती के दौरान सामने आया मामला
बाल संप्रेक्षण गृह में बालकों की गिनती किए जाने पर एक बालक के लापता होने का पता चला। इसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, फरार बालक का पता लगाने के लिए उसके घर और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस विभिन्न स्तरों पर उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं फरारी की घटनाएं
कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने के मामले सामने आ चुके हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ताजा घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार बालक की तलाश में जुटी है।