सांकरा : कीर्तन देखने जा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश को जानलेवा हमला
सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसवानी में कीर्तन कार्यक्रम देखने जा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर 5 लोगों द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और कड़े से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसवानी निवासी पीड़ित रितेश कुमार प्रधान 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:00 बजे खाना खाकर अपने दोस्त सौरभ प्रधान के साथ गांव में आयोजित कीर्तन का कार्यक्रम देखने सोसाइटी की ओर जा रहे थे.
इस दौरान जैसे ही वे मनोज नायक के घर के पास गली में पहुँचे, तो वहाँ पहले से मौजूद गांव के ही पुरुषोत्तम खड़िया, प्रभु खड़िया, कमल बरिहा, नितेश निषाद और मिलन खड़े थे.
रितेश ने बताया कि कुछ समय पूर्व आरोपी पुरुषोत्तम खड़िया गांव की गली में अश्लील गाली-गलौज कर रहा था, जिसे पीड़ित ने मना किया था. इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपियों ने पीड़ित को देखते ही माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देना शुरू कर दिया.
जब रितेश ने इसका विरोध किया, तो पांचों आरोपियों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से उसकी बेदर्दी से पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान आरोपी पुरुषोत्तम खड़िया ने अपने हाथ में पहने लोहे धातु के कड़े से पीड़ित के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आईं.
मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी, घटना को पीड़ित के दोस्त सौरभ प्रधान ने देखा और बीच-बचाव किया.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 296 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है.