15 नवंबर नहीं, 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करे साय सरकार : प्रशांत पण्डा
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने के फैसले पर युवा कांग्रेस के जिला महामंत्री प्रत्याशी प्रशांत पण्डा ने सवाल उठाते हुए 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग की है।
प्रशांत पण्डा ने कहा कि किसान महीनों तक मेहनत करता है, कर्ज लेकर फसल तैयार करता है और मौसम की मार झेलता है। ऐसे में अपनी उपज बेचने के लिए उसे अतिरिक्त इंतजार करना पड़े, तो उसकी आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। किसान के परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अगली फसल की तैयारी धान की बिक्री से जुड़ी होती है। सरकार को किसानों की इस पीड़ा को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय किसानों के हितों की बात करने वाली सरकार को अब उनके हित में ठोस निर्णय लेना चाहिए। किसान कोई एहसान नहीं मांग रहा, बल्कि अपनी मेहनत का उचित मूल्य और समय पर फसल बेचने का अवसर मांग रहा है।
प्रशांत पण्डा ने मांग की कि साय सरकार 15 नवंबर के बजाय 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करे। साथ ही, खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, सुचारु टोकन व्यवस्था, पारदर्शी तौल और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि किसान खेतों में पसीना बहाए और अपनी ही फसल बेचने के लिए इंतजार करे, यह उचित नहीं है। अन्नदाता को आश्वासन नहीं, राहत चाहिए। सरकार किसानों की पीड़ा समझे और उनके हित में जल्द निर्णय ले।