महासमुंद : ओवरटेक करने की बात को लेकर दो युवकों द्वारा लोहे ... - CG Sandesh

महासमुंद : ओवरटेक करने की बात को लेकर दो युवकों द्वारा लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट

महासमुंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलेसर में ओवरटेक करने की बात को लेकर दो युवकों द्वारा लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर एक युवक और उसके फूफा को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, नयापारा महासमुंद निवासी प्रार्थी चन्द्रमणी यादव, सेटिन माइक्रो फाइनेंस महासमुंद में कार्यरत हैं, जो 19 अक्टूबर 2026 को अपने फूफा कुलेश्वर तांडेकर के घर ग्राम भलेसर जा रहे थे.

इसी दौरान सीतली नाला के आगे पहुँचने पर आरोपी टोकेश ध्रुव और सतीश हलवाई ने "ओवरटेक क्यों करते हो" कहते हुए उन्हें रोक लिया और अश्लील गाली-गलौज कर चले गए.

चन्द्रमणी ने भलेसर पहुँचकर घटना की जानकारी अपने फूफा कुलेश्वर तांडेकर को दी, इसके बाद रात करीब 9:30 बजे दुर्गा चौक के आगे चन्द्रमणी  के फूफा दोनों युवकों को समझाने के लिए पहुँचे. जहाँ बातचीत के दौरान आरोपी टोकेश ध्रुव और सतीश हलवाई आक्रोशित हो गए और कुलेश्वर तांडेकर के साथ मारपीट करने लगे.

जब प्रार्थी चन्द्रमणी यादव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो दोनों आरोपियों ने एकराय होकर माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देते हुए और जान से मारने की धमकी देकर लोहे की रॉड और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

इस हमले में चन्द्रमणी के फूफा के कमर व गले में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चन्द्रमणी यादव के सिर पर चोट लगी. मामले में पुलिस ने  आरोपी टोकेश ध्रुव और सतीश हलवाई के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें