बागबाहरा : विजयादशमी में धारदार लोहे के हथियार से राहगीरों को डराने-धमकाने वाला गिरफ्तार
बागबाहरा थाना अंतर्गत ग्राम अनवरपुर में विजयादशमी (रावण दहन) की रात शराब के नशे में धुत होकर धारदार लोहे के हथियार से राहगीरों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है. जिसपर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसका हथियार छीनकर डायल 112 के सुपुर्द कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अनवरपुर निवासी रोहित निषाद 21 अक्टूबर 2026 की रात गांव में रावण दहन कार्यक्रम देखकर वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान जब वह गांव के गौरा चंवरा के पास पहुँचा, तो देखा कि गांव का ही शैलेन्द्र ध्रुव अत्यधिक शराब के नशे में अपने हाथ में लोहे का एक धारदार हथियार लहराते हुए रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
स्थित की गंभीरता को देखते हुए प्रार्थी रोहित निषाद ने अपने साथी चमन पटेल और उमेश साहू के साथ मिलकर हिम्मत दिखाई और घेराबंदी कर आरोपी शैलेन्द्र ध्रुव को दबोच लिया. ग्रामीणों ने उसके हाथ से धारदार लोहे का हथियार छीन लिया और आसपास के लोगों को इकट्ठा कर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी.
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और आरोपी शैलेन्द्र ध्रुव को लोहे के धारदार हथियार सहित हिरासत में लेकर बागबाहरा थाने ले आई.
प्रार्थी रोहित निषाद के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, प्रार्थी की लिखित शिकायत के अवलोकन पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी शैलेन्द्र ध्रुव के विरुद्ध आर्म्स एक्ट (हथियार अधिनियम) की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है.