बसना : जीजा ने साले का रास्ता रोककर डंडे से की मारपीट, दी जान से मारने की धमकी.
भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम रामभाठा चौक में पारिवारिक विवाद को लेकर जीजा ने साले का रास्ता रोककर डंडे से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देने तथा बाद में उसके घर पहुँचकर ससुर व पत्नी के साथ मारपीट किया. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
हरिशंकर कश्यप (49 वर्ष), निवासी ग्राम दलदली ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 7:30 बजे वह अपनी पत्नी दुलबाई कश्यप और 11 वर्षीय नतनीन योमा कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम उड़ेला दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. और इस दौरान जैसे ही वह ग्राम रामभाठा चौक के पास पहुँचा, तो उनके जीजा उत्तम कुमार पटेल (निवासी टांगापासा) ने मुख्य सड़क पर आकर उनका रास्ता रोक लिया.
इसके बाद पत्नी को मायके में रखने की बात को लेकर आरोपी उत्तम पटेल ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखे डंडे से हरिशंकर की दाहिनी भुजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जब पीड़ित की पत्नी व नतनीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का दे दिया, जिससे पीड़ित की पत्नी ज़मीन पर गिर पड़ी. जिसके बाद रामभाठा के ग्रामीणों के दखल देने के बाद मामला शांत हुआ.
लेकिन घटना के कुछ देर बाद आरोपी उत्तम पटेल सीधे अपनी पत्नी के मायके दलदली स्थित घर पहुँच गया, जहाँ उसने अपनी पत्नी सुमित्रा का दाहिना हाथ मरोड़कर मारपीट की तथा अपने वृद्ध ससुर को भी हाथ-मुक्कों और लातों से पीटकर गंभीर चोट पहुँचाया.
घटना के बाद पीड़ित अपने परिवार के साथ भंवरपुर चौकी पहुँचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी उत्तम कुमार पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है.