सरायपाली : बेटे को गाली देने से मना करने पर महिला पर पथराव, माथे पर आई गंभीर चोट
सरायपाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 02 विरेन्द्र नगर में अपने बेटे से गाली-गलौज करने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया. आरोपी युवक ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास पड़े पत्थर से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
ननकी यादव (निवासी वार्ड नंबर 02, विरेन्द्र नगर, सरायपाली) ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करती है. तथा 21 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 4:00 बजे जब वह अपने घर पर थी. उसी समय घर के बाहर मोहल्ले का ही दुर्गेश निषाद उसके बेटे ओमप्रकाश यादव के साथ बेवजह गाली-गलौज कर रहा था. शोर सुनकर जब ननकी यादव बाहर निकलीं और आरोपी को गाली देने से मना किया, तो आरोपी दुर्गेश निषाद आक्रोशित हो गया.
इसके बाद आरोपी दुर्गेश निषाद ने महिला को भी गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपी ने जमीन पर पड़ा एक पत्थर उठाकर महिला के माथे के बाएं हिस्से पर दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा.
घटना को देखकर पीड़िता का बेटा ओमप्रकाश यादव और बेटी भूमि यादव तुरंत मौके पर पहुँचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दुर्गेश निषाद के विरुद्ध अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS पंजीबध कर विवेचना में लिया.