कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में मशरूम उत्पादन एवं बागवानी नर्सरी पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
महासमुंद (छत्तीसगढ़)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा, महासमुंद में रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से मशरूम उत्पादन एवं बागवानी नर्सरी से संबंधित विषयों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर के नेतृत्व में की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों को मशरूम उत्पादन की तकनीक से अवगत कराना तथा स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं, मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक सावधानियों तथा बागवानी नर्सरी से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे इन तकनीकों को अपनाकर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकें।
इस कार्यक्रम में ग्राम गुड़रूडीह के 13 महिलाओं एवं 7 पुरुषों सहित कुल 20 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने विशेष रुचि दिखाई तथा मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया को समझकर व्यावहारिक गतिविधियों में सहभागिता की
इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की मशरूम प्रभारी डॉ. ऋचा चौधरी एवं डॉ. शांता साहू के साथ श्रीमती वी. प्रतिभा मोहन द्वारा किया गया। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उपस्थित प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन एवं संबंधित विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. पी. सी. चोरसिया, डॉ. ओकेश चंद्राकर एवं श्री योगराज जी ने किसानों को बागवानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को बागवानी की विभिन्न तकनीकों, पौधों की देखभाल तथा उद्यानिकी के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा रिलायंस फाउंडेशन के आपसी सहयोग से ग्रामीण समुदाय को तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता से प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।