कोमाखान : घर छोड़ने की बात पर युवक पर ब्लेड से हमला, कलाई और पीठ पर गंभीर चोटें
कोमाखान थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 में जीवन बेकरी के पास आपसी बहस के दौरान एक युवक पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. हमले में पीड़ित की कलाई और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है.
वार्ड क्रमांक 13, कोमाखान निवासी कमलेश सारथी उर्फ राजा ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करता है. तथा 21 अक्टूबर 2026 को वह जीवन बेकरी दुकान के पास खड़ा था. उसी समय पास ही स्थित राजकुमार धीवर के मकान से साहिल खान बाहर निकला. जिसे कमलेश ने कहा कि "चल तुझे तेरी गाड़ी से घर छोड़ देता हूँ." इसी बात पर आरोपी साहिल खान अचानक उत्तेजित हो गया और "तू गद्दार है, तेरे साथ नहीं जाऊँगा" कहते हुए पीछे से सिर पर मार दिया.
इसके बाद आरोपी साहिल खान ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे ब्लेड से हमला कर दिया. बचाव करने के दौरान ब्लेड कमलेश के बाएं हाथ की कलाई के ऊपर और पीठ पर जा लगा, जिससे खून बहने लगा.
घटना के समय मौके पर मौजूद असफाक मिर्जा, पुष्कर मानिकपुरी और रिंकू चंद्राकर ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई और लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई.
पीड़ित की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी साहिल खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है.