तुमगांव : पंचर बनवा रहे युवक पर ब्लेड से वार, गले, पीठ और हा... - CG Sandesh

तुमगांव : पंचर बनवा रहे युवक पर ब्लेड से वार, गले, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें

तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अछोला में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों द्वारा एक राहगीर पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. हमले में पीड़ित के गले, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

पीड़ित लक्ष्मीनारायण राजपूत (निवासी ग्राम जोबा, थाना तुमगांव) ने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6:00 से 6:30 बजे के बीच वह अपने दोस्त मुकेश गायकवाड़, हर्ष सोनवानी और केशव ध्रुव के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर रायपुर जा रहा था.

इसी दौरान रास्ते में ग्राम अछोला स्थित एक ऑटो पार्ट्स सह पंचर दुकान के सामने उसकी मोटरसाइकिल पंचर हो गई, जिसे वह बनवाने लगा.

पंचर बनवाने के दौरान ग्राम अछोला निवासी अज्जू और कामदेव वहाँ पहुँचे, और पुरानी रंजिश की बात को लेकर दोनों आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और जान से मारने की धमकी देने लगे. इसी बीच आरोपी अज्जू ने अपने पास रखे ब्लेड से लक्ष्मीनारायण के गले और पीठ पर वार कर दिया, वहीं आरोपी कामदेव ने उसके बाएं हाथ पर ब्लेड से हमला कर गंभीर चोट पहुँचाई.

घटना को देखकर पीड़ित के साथ मौजूद दोस्तों मुकेश गायकवाड़, हर्ष सोनवानी और केशव ध्रुव ने तुरंत बीच-बचाव कर आरोपी युवकों के चंगुल से उसे छुड़ाया. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले.

मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अज्‍जु और कामदेव के विरुद्ध अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें