तेन्दूकोना : 4 पड़ोसियों से 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व पीतल-कांस के बर्तन लेकर फरार
तेन्दूकोना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेन्दूकोना में एक अज्ञात महिला द्वारा गाँव की चार महिलाओं के साथ करीब 2,00,200 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं कांस-पीतल के बर्तनों की ठगी का मामला सामने आया है. शातिर महिला ने गहनों की डिजाइन स्कैन कर पैसे दिलाने और पुराने बर्तन बदलकर नए देने का झांसा देकर घटना को अंजाम दिया. पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पीड़िता कीर्ति दीवान (पति तिलक दीवान, उम्र 35 वर्ष, निवासी तेन्दूकोना) ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 10:00 बजे एक अज्ञात महिला उनके घर आई. और उसने कहा कि वह पुराने टूटे-फूटे बर्तन लेकर 30 से 50 रुपये में उन्हें नया बनाकर देती है. झांसे में आकर कीर्ति ने उसे 2 छोटे टिफिन दिए. अगले दिन 16 अक्टूबर को वह महिला नया टिफिन वापस करने आई, जिससे पीड़िता का उस पर विश्वास बन गया.
इसके बाद 17 अक्टूबर को आरोपी महिला फिर पहुँची और कहा कि सोने-चांदी के गहनों की डिजाइन कंप्यूटर से स्कैन कराकर बाहर भेजने पर मोटी रकम मिलती है. पीड़िता ने उस पर भरोसा कर 25,000 रुपये की चांदी की पायल और 2,000 रुपये का पीतल का परात दे दिया. इसके बाद आरोपी महिला सामान लेकर गायब हो गई/
सामान वापस न मिलने पर जब कीर्ति ने मोहल्ले में चर्चा की, तो पता चला कि उक्त महिला ने उनके आसपास की 3 अन्य महिलाओं को भी शिकार बनाया है:
किरण निर्मलकर: 6 नग सोने का मटरदाना (कीमत ₹40,000), 2 बड़े गंज और फुलकांस की थाली (कीमत ₹6,000)।
सविता दीवान: 1 जोड़ी सोने का कान का टॉप्स (कीमत ₹36,000), 10 नग सोने का गेहूं दाना (कीमत ₹50,000), 2 नग सोने का लॉकेट (कीमत ₹20,000), 1 पीतल का गंज और चांदी की राधा-कृष्ण मूर्ति।
सावित्री निर्मलकर: कांस की थाली, लोटा, तांबा-स्टील व एल्युमिनियम के बर्तन (कुल कीमत ₹15,200)।
4-5 दिनों तक इंतजार करने के बाद जब आरोपी महिला वापस नहीं लौटी, तो चारों पीड़ितों ने एकजुट होकर तेन्दूकोना थाने में आवेदन दिया. पीड़िता कीर्ति दीवान, सविता दीवान, सावित्री निर्मलकर और किरण निर्मलकर के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(3) और 318(4) के तहत अपराध पंजीकृत किया है.