कोमाखान : रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश पर मारपीट, युवक का गला दबाया
कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेमड़ा में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए गला दबाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
पीड़ित तोरन लाल धृतलहरे ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 9:00 बजे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास रावण दहन का कार्यक्रम चल रहा था. जहाँ तोरन अपने दोस्त कन्हैया लाल बघेल के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था. उसी समय गांव के ही हिरेंद्र दीवान, हरि पांडे और चैतु पांडे वहां पहुंचे.
और तीनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश की बात को लेकर अचानक मां-बहन की गंदी-गंदी अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया. जिसका विरोध करने पर आरोपी हिरेंद्र दीवान ने पीड़ित का कॉलर पकड़ लिया, जबकि चैतु पांडे ने उसका गला दबा दिया.
इसके बाद तीनों आरोपियों ने एकराय होकर हाथ-मुक्कों और लातों से पीड़ित की पिटाई शुरू कर दी. हमले में पीड़ित के होंठ फट गए, जिससे खून निकलने लगा और गर्दन पर गंभीर खरोंचें आईं.
घटना के वक्त मौके पर मौजूद गांव के कन्हैया लाल बघेल और हरसेवक धृतलहरे ने तुरंत बीच-बचाव कर पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हिरेन्द्र दीवान, हरि पाडे और चैतु पाडे पर अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS पंजीबद्ध किया है.