सरायपाली : केंदुवा में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पुरानी रंजिश में तीन लोगों ने पीटा
सक्ती जिले के नगरदा थाना अंतर्गत ग्राम मानिकपुर निवासी एक युवक पर ग्राम केंदुवा में पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों द्वारा गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और थप्पड़ों से मारपीट करने का मामला सामने आया है. हमले में पीड़ित के सिर, गाल, पीठ और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित भुनेश्वर भाट (निवासी ग्राम मानिकपुर, थाना नगरदा, जिला सक्ती) ने 20 अक्टूबर 2026 की दोपहर लगभग 2:00 बजे अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम केंदुवा स्थित अपने साले संजू भाट के ससुर के घर आया था.
जहाँ घर पर कुछ देर रुकने के बाद पीड़ित अपना मोबाइल फोन चेक कराने के लिए गांव की एक दुकान पर गया था. दुकान बंद होने के कारण जब वह दोपहर लगभग 2:30 बजे वापस लौट रहा था, तभी मोंगरा भाट के घर के पास आरोपी महेश भाट अपने घर से बाहर निकला. उसने पीड़ित को रोकते हुए कहा कि "तू इस गांव में क्यों आया है, तू पहले भी हमारे रिश्तेदार की लड़की को भगाकर ले गया था" और अश्लील गालियां देने लगा.
भुनेश्वर भाट द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर मौके पर दिनेश भाट और सुकदेव भाट भी पहुँच गए. तीनों आरोपियों ने "आज इसे जान से खत्म कर देंगे" कहते हुए हमला कर दिया. इस दौरान सुकदेव भाट ने हाथ-थप्पड़ से मारपीट की, जबकि महेश भाट और दिनेश भाट ने लाठी-डंडों से तब तक पीटा जब तक कि आसपास के लोगों ने बीच-बचाव नहीं कराया.
मारपीट की इस घटना में भुनेश्वर भाट के गाल, सिर, पीठ और दोनों हाथों की भुजाओं में गंभीर चोटें और दर्द है.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS का अपराध दर्ज किया.