छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए नया फरमान, बदल गया छुट्टी के ल... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए नया फरमान, बदल गया छुट्टी के लिए आवेदन करने का तरीका

CG Teacher Leave News: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में अब जुगाड़ से छुट्टी लेने का सिस्टम खत्म हो गया है. अब कोई भी अधिकारी, शिक्षक या बाबू कागज पर एप्लीकेशन लिखकर छुट्टी नहीं ले पाएगा. इसके लिए उन्हें अनिवार्य रूप से HRIMS पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा.लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 23 अक्टूबर को इसको लेकर कड़ा आदेश जारी किया है. आदेश में साफ कहा गया है कि अब ऑफलाइन अवकाश आवेदन पूरी तरह से बंद होंगे. सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को इसे सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है.

जून में ही जारी हुआ था आदेश

दरअसल, विभाग ने जून 2026 में ही सभी जिलों को निर्देश दिया था कि छुट्टी का आवेदन और उसकी मंजूरी दोनों ऑनलाइन ही होगी. लेकिन कई जिलों में इस आदेश को गंभीरता से नहीं लिया गया. शिक्षक आज भी कागज पर आवेदन दे रहे थे और DEO-BEO भी उस पर साइन करके छुट्टी पास कर दे रहे थे.

जब इसकी जानकारी DPI तक पहुंची तो संचालनालय ने दोबारा और इस बार सख्त लहजे में आदेश निकाल दिया. नए आदेश में कहा गया है कि जिला और ब्लॉक स्तर पर किसी भी हालत में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. अगर किसी अधिकारी ने ऑफलाइन आवेदन पर छुट्टी मंजूर की तो वो मंजूरी ही अमान्य मानी जाएगी.

क्या बदला है नए आदेश में?

पहले ऑनलाइन व्यवस्था तो शुरू कर दी गई थी, लेकिन साथ में ऑफलाइन का ऑप्शन भी खुला रखा गया था. अधिकारी इसी का फायदा उठा रहे थे. अब नए आदेश में ऑफलाइन सिस्टम को पूरी तरह से बैन कर दिया गया है. अब सिर्फ HRIMS पोर्टल पर दिख रही छुट्टी ही मान्य होगी.

शिक्षक संघ ने जताई आपत्ति

वहीं, इस नए फरमान के बाद शिक्षक संगठनों में नाराजगी भी है. छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि पोर्टल में अक्सर तकनीकी दिक्कतें आती हैं. कई बार नेटवर्क नहीं होने से आवेदन अपलोड ही नहीं होता और अफसर तक पहुंचता ही नहीं. इससे शिक्षकों को परेशानी होती है. इसलिए ऑफलाइन का विकल्प भी साथ में रहना चाहिए.



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें