बसना : युवती को गालियां देकर जान से मारने की धमकी, डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल
बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारेभठ्ठी में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए डंडे व हाथ-मुक्कों से मारपीट का मामला सामने आया है. मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवती को डायल 112 की मदद से शासकीय अस्पताल बसना में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है. मामले की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
प्रार्थी हेमकुमार साहू निवासी ग्राम चारेभठ्ठी, ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 6:00 से 7:00 बजे के बीच उसकी भतीजी सुवर्णा बारिक को घर से बाहर निकालने की बात पर उसकी बहन की ननद सविता साहू और सुनिता प्रधान द्वारा विवाद व झगड़ा शुरू किया.
विवाद बढ़ने पर आरोपी दिवाकर बारिक, सविता साहू, सुनिता प्रधान एवं गोसाईराम बारिक ने एकजुट होकर युवती को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों तथा डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
इस मारपीट में युवती के सिर, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई, घटना के दौरान मौके पर मौजूद गांव के सरपंच नवलीन मांझी, मधु (डाक बाबू) और अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायल युवती सुवर्णा बारिक को उपचार हेतु शासकीय अस्पताल बसना लाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दिवाकर बारिक, सविता साहू, सुनिता प्रधान और गोसाईराम बारिक के विरुद्ध अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया.