बसना : अर्टिगा कार को रिश्तेदारों ने लाठी-डंडों से किया क्षतिग्रस्त, 3 लोगों पर केस दर्ज
बसना थाना अंतर्गत ग्राम परसकोल में गांव में जमीन संबंधी दस्तावेज और घरेलू सामान वापस मांगने गए एक युवक के साथ उसके ही रिश्तेदारों ने अश्लील गाली-गलौज कर उसकी अर्टिगा कार में तोड़फोड़ कर दी. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है.
प्रार्थी दीपक प्रधान निवासी ग्राम गोडमरा ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 4:00 बजे वह अपनी अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 PQ 0727 से अपने मामा राधेश्याम भोई निवासी ग्राम परसकोल के घर गया हुआ था. जहाँ वह अपनी जमीन संबंधी आवश्यक दस्तावेज और पूर्व में रखे गए घरेलू सामान को वापस लेने पहुँचा था.
जब दीपक ने अपने कागजात और सामान मांगे, तो उसके मामा राधेश्याम भोई तथा उनके बेटे निलेश भोई व दिपेश भोई भड़क गए. आरोपियों ने सामान देने से साफ इंकार कर दिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे. और प्रार्थी दीपक की अर्टिगा कार में तोड़फोड़ कर दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सुरेश सांई, आनंद भोई एवं अन्य ग्रामीणों ने विवाद और तोड़फोड़ होते देखा व सुना. घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुँचे और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राधेश्याम भोई, निलेश भोई और दिपेश भोई के विरुद्ध अपराध धारा 296-BNS, 3(5)-BNS, 324(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.