महासमुंद : तेज रफ्तार कार ने गाय को मारी टक्कर, विरोध करने पर बुजुर्ग और उनकी बेटी से गाली-गलौज व मारपीट
महासमुंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलेसर के भाठापारा स्थित दुर्गा चौक में दुर्गा उत्सव समिति की बैठक के दौरान एक कार चालक द्वारा गाय को तेज रफ्तार से टक्कर मार दिए जाने का मामला सामने आया है. जब मौके पर मौजूद व्यक्ति ने गाड़ी ठीक से चलाने की सलाह दी, तो आरोपी कार चालक ने उग्र होकर उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़कर थप्पड़ जड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी.
प्रार्थी आलेश यादव निवासी ग्राम भलेसर ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 8:45 बजे ग्राम भलेसर भाठापारा दुर्गा चौक के पास दुर्गा समिति द्वारा बैठक रखी गई थी, जहाँ वह भी उपस्थित था. उसी दौरान गांव का राजू कुर्रे अपनी कार को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आया और चौक के पास खड़ी एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाय को गंभीर चोटें आईं.
जब प्रार्थी आलेश यादव ने कार चालक राजू कुर्रे से कहा कि "गाड़ी ठीक से क्यों नहीं चलाते?", तो आरोपी उत्तेजित हो गया. आरोपी ने प्रार्थी को मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसका कॉलर पकड़ लिया और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी.
प्रार्थी की बेटी मंजू यादव जब बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी उसके साथ भी मारपीट करने पर उतारू हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी कार सहित मौके से फरार हो गया.
मारपीट के कारण पीड़ित के बाएं गाल में चोट और दर्द है. इस पूरी घटना को बैठक में मौजूद मोहित सिन्हा, भूपेन्द्र सिन्हा, विष्णु निषाद और अन्य ग्रामीणों ने देखा व सुना.
घटना के बाद शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राजू कुर्रे के विरुद्ध अपराध धारा 115(2)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.