सरायपाली : घर के बाहर हंगामा कर युवक से गाली-गलौज, बीच-बचाव करने आए पिता का हाथ मरोड़ा
सरायपाली के वार्ड क्रमांक 11 बाजार पारा, शंकर कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक द्वारा घर के बाहर आकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रकाश भोई निवासी वार्ड नं. 11 बाजार पारा शंकर कॉलोनी, ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7:00 बजे वे ट्रक चलाकर अपने घर लौटे थे.
इसी दौरान शाम लगभग 7:30 बजे उनके घर के बाहर जोगनीपाली निवासी संदीप भोई आकर जोर-जोर से हल्ला और गाली-गलौज कर रहा था. शोर सुनकर जब प्रकाश भोई बाहर निकले, तो देखा कि आरोपी संदीप उनके बेटे अरुण भोई को गालियां दे रहा था.
जब प्रार्थी प्रकाश भोई ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी संदीप भोई और उग्र हो गया. उसने "तुम लोग पुरानी बातों को लेकर मेरे भाई को धमकी दिए हो, आज तुम लोगों को जान से खत्म कर दूंग." कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और प्रार्थी प्रकाश का बायां हाथ मरोड़ दिया. हाथ मरोड़े जाने से प्रकाश को बाएं हाथ में गंभीर दर्द और चोट आई है.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पीड़ित के बेटे अरुण भोई और नेहरू भोई ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संदीप भोई के खिलाफ अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.