कोमाखान : नाचा पार्टी के दौरान जमकर चले लात-घूंसे और धारदार हथियार, 7 लोग घायल
कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिबर्रा में बीती रात छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष की ओर से चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला किया गया, तो दूसरे पक्ष की ओर से कड़े (चुड़ा) और लात-घूंसे चले. इस घटना में दोनों पक्षों के लगभग सात लोग घायल और लहूलुहान हुए हैं. पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर क्रास केस दर्ज किया है.
पहला पक्ष: चाकूबाजी में 4 युवक लहूलुहान
प्रथम पक्ष के प्रार्थी लकेश्वर ठाकुर निवासी ग्राम छिबर्रा ने पुलिस को बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 11:30 बजे गांव में नाचा पार्टी का कार्यक्रम चल रहा था, जहाँ विशाल के घर के सामने गली में वह अपने साथी मुलेश डडसेना, पुनेश्वर साहू, भरत ठाकुर और प्रदीप डडसेना के साथ खड़ा होकर नाचा देख रहा था.
इसी दौरान गांव के चैतराम जांगड़े, त्रिलोचन जांगड़े, हिमाचल जांगड़े और उनके घर आए मेहमान गाली-गलौज करने लगे. जब लकेश्वर ने गाली देने से मना किया, तो चारों आरोपियों ने एकराय होकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी.
बीच-बचाव करने आए साथियों पर आरोपी चैतराम जांगड़े ने चाकू जैसी धारदार वस्तु से ताबड़तोड़ वार कर दिया. हमले में पुनेश्वर साहू और भरत ठाकुर की छाती पर तथा प्रदीप डडसेना और मुलेश डडसेना की पीठ पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा. शोर सुनकर परिजनों ने बीच-बचाव कर घायलों को बचाया.
दूसरा पक्ष: कड़े से हमले का आरोप, 3 लोग घायल
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रार्थी हिमाचल जांगड़े निवासी ग्राम छिबर्रा ने बताया कि 24 अक्टूबर को ही गांव आया था. और रात लगभग 11:30 बजे नाचा कार्यक्रम के दौरान वह अपने जीजा हेमचंद टंडन, भाई त्रिलोचन जांगड़े और पिता चैतराम जांगड़े के साथ खड़ा था.
हिमाचल का कहना है कि जब वह अपने जीजा से मजाक कर रहा था, तब लकेश्वर ठाकुर ने बेवजह गाली देने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया. मना करने पर लकेश्वर ठाकुर, मुलेश उर्फ लक्की डडसेना व उनके अन्य साथियों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसके मुंह व हाथ में चोट आई. जब उसके पिता, भाई और जीजा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो विरोधियों ने कड़े (चुड़ा) से हमला कर दिया, जिससे उसके जीजा और भाई के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा.
अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस में मामला दर्ज
घटना के तुरंत बाद दोनों पक्षों के घायलों को शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार कराया गया. उपचार के पश्चात दोनों पक्षों के लोग कोमाखान थाने पहुँचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. कोमाखान पुलिस ने दोनों पक्षों के रिपोर्ट के आधार पर 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना में लिया है.