कोमाखान : स्कूटी में ईंट से तोड़फोड़ की और मना करने पर ईंट से वार कर फोड़ दिया सिर
कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिबर्रा में रावण दहन कार्यक्रम के बाद अश्लील गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक द्वारा जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी में ईंट से तोड़फोड़ की और मना करने पर ईंट से वार कर एक व्यक्ति का सिर फोड़ दिया.
प्रार्थी रोशन तांडे पिता डोमार सिंह तांडे, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम छिबर्रा, ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 10:05 बजे गांव में रावण दहन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था.
इसी दौरान गणेश राम तांडे के किराना दुकान के पास गांव का संजय ठाकुर अपने 4-5 साथियों के साथ बाइक पर बैठकर जोर-जोर से अश्लील गालियां बक रहा था. प्रार्थी के चाचा अशोक तांडे, चाची चंद्रिका तांडे और बुआ सोहदरा नाग द्वारा गाली देने से मना करने पर वे बहस करने लगे, लेकिन अन्य लोगों के समझाने पर बाइक स्टार्ट कर वहां से चले गए.
घटना के करीब आधा घंटे बाद आरोपी संजय ठाकुर अपने दोस्तों के साथ प्रार्थी के घर के पास पहुँचा और बहसबाजी करने लगा. समझाइश के बाद जब संजय पैदल जाने लगा, तभी रास्ते में प्रार्थी के चाचा अशोक तांडे के घर के सामने रुक गया. आरोपी ने पास पड़े ईंट को उठाकर प्रार्थी के फूफा की स्कूटी क्रमांक CG 06 HG 6630 के हेडलाइट और वाइज़र को फोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया.
तोड़फोड़ की आवाज सुनकर जब प्रार्थी रोशन तांडे का चाचा अशोक तांडे बाहर आए और मना किया, तो संजय ठाकुर ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखी ईंट से अशोक तांडे के सिर पर हमला कर दिया. ईंट लगने से उनके सिर से खून बहने लगा, परिजनों और आसपास के लोगों को दौड़कर आते देख आरोपी संजय ठाकुर मौके से फरार हो गया.
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 वाहन की मदद से घायल अशोक तांडे को शासकीय अस्पताल बागबाहरा पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज कराया गया.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संजय ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.