तुमगांव : पड़ोसियों द्वारा युवक पर जानलेवा हमला, मामला दर्ज
तुमगांव थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 10 बांग्लापारा में पुरानी रंजिश को लेकर तीन पड़ोसियों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्रार्थी पुष्कर तिवारी पिता प्रकाश नारायण तिवारी, निवासी वार्ड नंबर 10 बांग्लापारा, तुमगांव, ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे वह अपने घर के पास बैठा हुआ था. इसी दौरान पुरानी रंजिश की बात को लेकर उसके पड़ोसी गज्जू साहू, मन्नू साहू, और ईश्वर साहू वहां पहुँचे तथा तीनों ने एकराय होकर प्रार्थी को मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं.
इसके बाद विवाद बढ़ाते हुए आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. इसी बीच आरोपी ईश्वर साहू ने अपने हाथ में रखे डंडे से पुष्कर के माथे पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उसका माथा फूट गया. हमले में प्रार्थी के पैर और गले में भी गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पीड़ित के पिता प्रकाश नारायण तिवारी और मां शिवकांती तिवारी ने बीच-बचाव किया.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों गज्जू साहू, मन्नू साहू और ईश्वर साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया.