रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक से टकराई यात्... - CG Sandesh

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस; 3 की मौत, 10 से ज्यादा घायल

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

अंबिकापुर से रायपुर आ रही थी बस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह के समय हुआ। यात्री बस अंबिकापुर से रायपुर की ओर आ रही थी और उसमें करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सिमगा के दरचुरा गांव के पास पहुंचते ही बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से बस चालक समय रहते ट्रक को देख नहीं पाया और वाहन सीधे उससे जा भिड़ा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बस में फंसे यात्रियों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया था, जिसके चलते कई यात्री अंदर ही फंस गए।

सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

घायलों का इलाज जारी, गंभीर मरीजों को रायपुर भेजने की तैयारी

हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हाईवे पर खड़े ट्रक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें