एक दिवसीय कराते प्रशिक्षण शिविर का रामचंडी भवन सराईपाली में ... - CG Sandesh

एक दिवसीय कराते प्रशिक्षण शिविर का रामचंडी भवन सराईपाली में हुआ सफल आयोजन

क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और आत्मरक्षा के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से यूनाइटेड कराते एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में एक दिवसीय कराते प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को रामचंडी भवन, झिलमिला (सरायपाली) में किया गया। शिविर में सरायपाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 40 से अधिक उत्साही खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष भोजराज साहू एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ। शिविर में केंद्रीय समिति के अध्यक्ष भोजराज साहू, सचिव अक्षय कुमार कंवर, संस्था के सहसंस्थापक सुंदरलाल डडसेना संरक्षक जगदीश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में बस्तर संभाग प्रभारी तोशराम चौधरी और बिलासपुर संभाग प्रभारी त्रिलोचन पटेल भी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में खिलाड़ियों को कराते की बारीकियों, बेसिक स्टांस, डिफेंस और अटैक की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन सीनियर कोच देवनारायण बरिहा और मुरलीधर डडसेना द्वारा किया गया। महिलाओं और बालिकाओं में आत्मबल बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए महिला कोच कु. लता साहू और कु. हेमलता साहू ने बालिकाओं को विशेष सेल्फ-डिफेंस के गुर सिखाए।

शिविर में भाग लेने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में अंकिता चंद्रा, चेतना यादव, पूर्णिमा भोई, नीतू साहू, वेनुधर भोई, उज्ज्वल साहू, देवेश साहू, नीतीश नायक, खीरोद ओगरे, दीपेश सिदार, जयंत साहू और गौतम नंद सहित 40 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।

संस्था के सचिव अक्षय कुमार कंवर ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीण अंचल के युवाओं को एक बेहतर मंच मिल रहा है। आने वाले दिनों में जिला और राज्य स्तर पर भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि यहाँ के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। अंत में सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया गया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें