बागबाहरा : घर के सामने बुजुर्ग किसान पर लोहे की रॉड से हमला, 'बेटे को जान से मार देंगे' कहकर आंख के ऊपर मारा; 2 पर केस दर्ज
बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेवा (मोंगरापाली) में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से एक व्यक्ति पर हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्रार्थी कांति लाल दीवान निवासी ग्राम रेवा-मोंगरापाली ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 4:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था, उसी समय आरोपी पिंटू निवासी भूतका पारा, ओडिशा तथा भुनेश्वर निवासी सेवाती उसके घर के सामने पहुँचे और जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहने लगे कि "तुम्हारा लड़का पप्पू कहाँ है?" जब प्रार्थी बाहर आया, तो दोनों आरोपी मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे.
गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने "तुम्हारा लड़का पप्पू कहाँ है, आज उसे और तुमको जान से मार देंगे" कहते हुए प्रार्थी पर हमला कर दिया. इस दौरान एक आरोपी ने अपने हाथ में रखी लोहे की रॉड से कांति लाल के सिर के बाएं हिस्से में आंख के ठीक ऊपर जोरदार वार कर दिया. हमले से पीड़ित को आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर अंदरूनी चोट आई है, जिससे वहां अत्यधिक दर्द और सूजन है.
घटना के बाद दोनों आरोपी रास्ते में देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. इस हमले और जान से मारने की धमकी से पीड़ित और उनका परिवार काफी भयभीत है.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिन्टू और भुनेश्वर के विरुद्ध अपराध धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.