महासमुंद : तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, मामला दर्ज
महासमुंद कलेक्ट्रेट के पास बीती रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को साइड से जोरदार टक्कर मार दी. इस सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
कृषकुमार साहू निवासी ग्राम हथखोज, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद,ने बताया कि वह 25 अक्टूबर 2026 को अपने भाई पुष्पेंद्र साहू के साथ अपने पिता के नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 L 2551 से ड्राइवरी के काम के सिलसिले में महासमुंद आया हुआ था.
इस दौरान रात लगभग 9:15 बजे काम निपटाकर दोनों भाई मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव फिंगेश्वर लौट रहे थे, मोटरसाइकिल को कृषकुमार स्वयं चला रहा था और जैसे ही वे महासमुंद कलेक्ट्रेट के पास पहुँचे, तभी पीछे से आ रही कार क्रमांक CG 04 HQ 8011 के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को साइड से जोरदार टक्कर मार दी.
कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई चलती मोटरसाइकिल से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े, हादसे में कृषकुमार के बाएं पैर और बाएं हाथ में चोट आई है, वहीं उसके बड़े भाई पुष्पेंद्र साहू के दाहिने हाथ, कमर और दाहिने कंधे में गंभीर चोटें आई हैं.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कार क्रमांक CG04 HQ 8011 के चालक पर अपराध धारा 125(a)-BNS, 281-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.