सरायपाली : घर के पीछे ड्रम में छिपाकर रखी थी 50 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब, आरोपी महिला गिरफ्तार
सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम कांशीपाली में दबिश देकर एक महिला के कब्जे से उसके घर के पीछे बाड़ी में प्लास्टिक के ड्रम में 50 लीटर कच्ची शराब जप्त की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कांशीपाली निवासी गायत्री बैरागी अपने घर के पीछे बाड़ी में अवैध रूप से बिक्री करने हेतु भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखी हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर मौजूद महिला को घेराबंदी कर पकड़ा.
उक्त महिला की पहचान गायत्री बैरागी पति पूरन बैरागी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कांशीपाली, के रूप में हुई, जिसके घर के पीछे बनी बाड़ी की तलाशी ली गई, तो वहां छिपाकर रखा एक नीला प्लास्टिक का ड्रम बरामद हुआ, जिसमें 50 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब अनुमानित कीमत ₹10,000 भरी हुई पाई गई.
पुलिस ने 50 लीटर महुआ शराब को जप्त कर सीलबंद किया, मामले में आरोपी महिला का यह कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत दंडनीय अपराध पाए जाने पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर अपराध पंजीबद्ध किया.