तेन्दूकोना : 9 कट्टा धान चुराकर किराना दुकानों में बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
तेन्दूकोना थानांतर्गत ग्राम धामनतोरी में एक किसान के ब्यारा से 9 कट्टा धान चोरी होने का मामला सामने आया है. किसान द्वारा ग्रामीणों और ग्राम कोटवार की मौजूदगी में संदेह के आधार पर जब एक युवक से पूछताछ की गई, तो उसने धान चोरी कर आसपास के गांवों में दो किराना दुकानों में बेचना स्वीकार कर लिया. पीड़ित किसान की शिकायत पर तेन्दूकोना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धामनतोरी निवासी कृषक राधेश्याम पटेल ने अपनी 16 एकड़ निजी भूमि तथा अन्य किसानों से अधिया-रेगहा ली गई 20 एकड़ भूमि पर रबी फसल लगाई थी. फसल कटाई के बाद रबी का बचा हुआ 23 कट्टा धान उन्होंने झलप रोड स्थित अपने बाड़े (ब्यारा) में रखा हुआ था.
17 अक्टूबर 2026 की सुबह 10:00 बजे जब किसान ने धान की जांच की, तब सारा धान सुरक्षित था. अगले दिन 18 अक्टूबर की दोपहर 3:00 बजे बाड़े पहुँचने पर नीचे धान बिखरा हुआ मिला. संदेह होने पर गिनती करने पर 23 में से 9 कट्टा धान गायब मिला.
किसान राधेश्याम पटेल ने जब आसपास पतासाजी की, तो जानकारी मिली कि गांव का ही अर्जुन दीवान (23 वर्ष) ग्राम नरतोरा और ग्राम जोबा कला की किराना दुकानों में बोरे में धान लाकर बेच रहा है.
इस पर गाँव के वरिष्ठ नागरिकों मोहन प्रसाद दुबे, संतोष कुमार पटेल, पंचराम दीवान, नरेश कुमार नायक तथा ग्राम कोटवार अलखराम कुलदीप की उपस्थिति में अर्जुन दीवान को बुलाकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी अर्जुन दीवान ने स्वीकार किया कि उसने राधेश्याम पटेल के बाड़े से 9 कट्टा धान चोरी किया था, जिसमें से 4 कट्टा ग्राम जोबा कला के ईश्वर प्रसाद यादव तथा 5 कट्टा ग्राम नरतोरा के जय किशन यादव के पास बेचा है.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन दीवान के खिलाफ अपराध धारा 303(2)-BNS पंजीबद्ध किया.