तेन्दूकोना : धान काटने से मना करने पर बहनों से मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया केस
तेन्दूकोना थानांतर्गत बुंदेली चौकी क्षेत्र के ग्राम भुरकोनी में खेत में धान कटाई को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया. पिता के हक की ज़मीन का हवाला देकर धान काटने से मना करने पर बड़े भाई, उनके बेटों और पत्नी ने एक राय होकर तीन बहनों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की. पीड़िता की शिकायत पर बुंदेली पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पार्वती साहू 26 अक्टूबर की दोपहर अपनी बहनों के साथ अमरई खार स्थित अपने पारिवारिक खेत की देखरेख करने गई थी. दोपहर करीब 3:00 बजे उनके बड़े भाई श्रीराम साहू, उनके बेटे मोरध्वज साहू व जितेन्द्र साहू तथा पत्नी हेमबाई साहू खेत पहुँचे और खड़ी धान की फसल की कटाई करने लगे.
जब पीड़िता और उसकी बहनों ने इसे अपने पिता (कलानाथ साहू) के हक का खेत बताते हुए धान कटाई से रोका, तो आरोपियों ने बहस शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर चारों आरोपियों ने एक राय होकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए पार्वती साहू, उनकी बड़ी बहन बुधयारिन साहू और राधा बाई साहू पर हाथ-थप्पड़ों से हमला कर दिया. मारपीट में पीड़िता की पीठ और हाथ में गंभीर चोटें व दर्द आया है. घटना के समय मौके पर मौजूद रेसकुमारी साहू और पिता कलानाथ साहू ने बीच-बचाव किया.
घटना के बाद पीड़िता पार्वती साहू ने बुंदेली चौकी पहुँचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों श्रीराम साहू, मोरध्वज साहू, जितेन्द्र साहू एवं हेमबाई साहू के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है.