बसना : घर का दरवाजा तोड़कर महिलाओं के साथ गाली-गलौज, मारपीट और दुर्व्यवहार, गैरेज पर जेसीबी मशीन चलाकर जान से मारने तथा कुचलने का प्रयास
बसना थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 में 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात बदमाशों ने एक घर का दरवाजा तोड़कर महिलाओं के साथ गाली-गलौज, मारपीट और दुर्व्यवहार किया. इतना ही नहीं, बदमाशों ने पीड़ित परिवार और गैरेज पर जेसीबी मशीन चलाकर जान से मारने तथा कुचलने का प्रयास किया, जिससे मौके पर रखी दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. पीड़िता की लिखित शिकायत पर बसना पुलिस ने चार आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसना के वार्ड नंबर 5 की निवासी सरिता साहू ने बसना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 26 और 27 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12:00 से 1:30 बजे के बीच आरोपी अशोक कुमार साहू, सौरभ साहू, सुनील कुमार साहू, अर्जुन चौहान और उनके साथ आए अन्य लोगों ने उनके मकान पर हमला कर दिया.
आरोपियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और घर में मौजूद सरिता साहू, उनके परिजनों तथा कादम्बिनी नायक व राहुल नायक के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान आरोपियों ने सरिता साहू और कादम्बिनी नायक का बाल पकड़कर घसीटा और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए कपड़े फाड़ दिए.
इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के परिवार पर जेसीबी मशीन चलाकर उन्हें कुचलने और जान से मारने की कोशिश की और परिसर में स्थित गैरेज पर भी जेसीबी चला दी, जिससे वहां खड़ी 2 दोपहिया वाहन बाइक पूरी तरह पिचक कर नष्ट हो गए.
वहीँ पुलिस ने सरिता साहू की लिखित शिकायत व आवेदन के आधार पर आरोपी अशोक साहू, सुनील कुमार साहू, सौरभ साहू और अर्जुन चौहान के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया.