सरायपाली : ग्राम लखनपुर में नशामुक्ति रैली एवं विकसित 2047 जागरूकता अभियान का आयोजन
शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के विद्यार्थियों द्वारा आश्रित ग्राम लखनपुर पहुँचकर शासकीय प्राथमिक शाला लखनपुर के विद्यार्थियों के साथ संयुक्त रूप से नशामुक्ति रैली एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देते हुए पूरे गाँव का भ्रमण किया। इस दौरान नशे के विरुद्ध जनजागरूकता नारों के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए गाँव के विभिन्न चौक-चौराहों एवं चबूतरों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर आधारित महत्वपूर्ण एनिमेटेड फिल्मों एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से युवाओं को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला लखनपुर के प्रधान पाठक ओमप्रकाश ठाकुर, संकुल सिंघोड़ा के समन्वयक सच्चिदानंद भोई, शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव तथा शिक्षक कमल नारायण भोई सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
इस जनजागरूकता अभियान में ग्रामवासियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं शाला प्रबंधन समिति के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।