सरायपाली : जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में रि... - CG Sandesh

सरायपाली : जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में रिमजी के दो बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

32वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, विकासखंड सरायपाली, जिला महासमुंद के बाल वैज्ञानिक सतीश तांडी एवं खुशी मिश्रा का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय,महासमुंद के सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद सुश्री अनुपमा आनंद (IAS)के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम हुआ।

महासमुंद जिले से कुल 178 परियोजनाएँ जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रस्तुत की गईं। इनमें से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले की कुल 5 टीमों का चयन किया गया है। इन चयनित टीमों में रिमजी विद्यालय की टीम भी शामिल है। इस प्रकार सतीश तांडी एवं खुशी मिश्रा ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है।

दोनों विद्यार्थियों ने अपनी शोध परियोजना “गुटखे की गिरफ्त में बचपन” के माध्यम से निर्णायक मंडल के समक्ष स्थानीय समस्या का वैज्ञानिक अध्ययन प्रस्तुत किया। इस परियोजना में गाँव के किशोरों एवं युवाओं में तंबाकू, गुटखा एवं सुपारी उत्पादों के सेवन की स्थिति, उससे जुड़े आर्थिक प्रभाव तथा जागरूकता कार्यक्रम के महत्व का अध्ययन किया गया। विद्यार्थियों ने घर-घर सर्वेक्षण कर आँकड़े एकत्र किए, उनका विश्लेषण किया तथा पाई चार्ट के माध्यम से निष्कर्ष प्रस्तुत किए। इसके साथ ही जागरूकता रैली, बैनर-पोस्टर एवं शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को तंबाकू और गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।

इस परियोजना की तैयारी में मार्गदर्शक शिक्षक ओमप्रकाश साव के साथ सहयोगी शिक्षक श्री कमलनारायण भोई एवं डोलामणि चौहान का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्या की पहचान, सर्वेक्षण, आँकड़ों का संकलन, विश्लेषण तथा जागरूकता गतिविधियों को शोधपरक तरीके से प्रस्तुत किया।

अब सतीश तांडी एवं खुशी मिश्रा आगामी 21 नवंबर 2026 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में अपनी परियोजना का प्रस्तुतीकरण करेंगे।

विद्यालय परिवार ने दोनों बाल वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध प्रवृत्ति, सामाजिक जागरूकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें