महासमुंद : साराडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा ने ट्रक को सामने से मारी टक्कर, मामला दर्ज
महासमुंद राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर ग्राम बेलसोंडा स्थित साराडीह मोड़ और मारुति शोरूम के सामने एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ. तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रहे हाइवा के चालक ने गलत साइड में जाकर सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायल ट्रक चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलसोंडा निवासी ट्रांसपोर्टर सूर्या चंद्राकर को 28 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 04:48 बजे उनके अन्य ट्रक चालक अरुण वैष्णव ने फोन पर हादसे की जानकारी दी. उसने बताया कि उनके रिश्तेदार के ट्रक (CG 06 HA 9003), जिसे चालक राकेश विश्वकर्मा चला रहा था, का एनएच-353 साराडीह मोड़ के पास एक्सीडेंट हो गया है.
सूचना मिलते ही सूर्या चंद्राकर मौके पर पहुँचे, वहाँ जाकर देखा गया कि हाइवा (CG 04 PY 9159) के चालक ने बेहद लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए गलत साइड में जाकर ट्रक को सामने से जोरदार ठोकर मार दी थी. दुर्घटना के कारण दोनों चालक वाहनों में बुरी तरह घायल अवस्था में मिले.
घटना के तुरंत बाद सूर्या चंद्राकर ने स्थानीय निवासियों पुष्कर चंद्राकर व बेनीराम देवदास की मदद से ली और आपातकालीन सेवा डायल 112 एवं 108 एम्बुलेंस को कॉल किया.
हादसे में ट्रक चालक राकेश विश्वकर्मा के सिर, छाती और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं, जिसे तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने हाईवा वाहन क्रमांक CG04 PY9159 के चालक पर अपराध धारा 125(a)-BNS, 281-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया.