कांग्रेस पर CM डॉ. मोहन यादव का हमला, बोले- चुनाव हारने पर अ... - CG Sandesh

कांग्रेस पर CM डॉ. मोहन यादव का हमला, बोले- चुनाव हारने पर अगले पांच साल जनता के बीच करें मेहनत

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन में आयोजित किसान सम्मान निधि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, किसानों के कल्याण और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र किया । इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं को चुनौती देने के बजाय विपक्ष को अगले पांच साल जनता के बीच मेहनत करनी चाहिए ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया था । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता पहुंचाकर इस भावना को आगे बढ़ाया है । उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों की ओर से किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंचाई जा रही है । यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार और किसानों के बीच सम्मान और विश्वास का रिश्ता है ।

CM ने कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जितने और हारने की प्रक्रिया स्वाभाविक है । यदि कोई दल चुनाव हारता है तो उसे अगले पांच साल मेहनत करके जनता का विश्वास जीतना चाहिए । उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ हजार लोगों के प्रदर्शन के जरिए देश की चुनी हुई संस्थाओं को चुनौती देना उचित नहीं है । उन्होंने चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और लोकतांत्रिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए ।

उज्जैन के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान बढ़ा है और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं । उन्होंने उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाकाल की नगरी में चारों दिशाओं में विकास कार्य हो रहे है । सड़क, बिजली, पानी और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ।

आगर रोड एलिवेटेड कॉरिडोर पर दिया सुझाव

मुख्यमंत्री ने आगर रोड पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि इसके निर्माण से बड़े वाहनों के आवागमन में आसानी होगी और नीचे लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिया कि एलिवेटेड रोड से एक रास्ता सीधे मंडी की ओर भी उतारा जाए, ताकि मंडी आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिले और मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव कम हो ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन का ऐतिहासिक नाम कनकश्रृंगा भी रहा है, जो समृद्धि का प्रतीक है । उन्होंने उम्मीद जताई कि सिंहस्थ 2028 तक शहर विकास और समृद्धि के नए मुकाम हासिल करेगा ।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें