महासमुंद रेडक्रॉस शिविर में विद्यार्थियों को दिया गया प्राथमिक सहायता और समाज सेवा का प्रशिक्षण
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला महासमुन्द एवं जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति के तत्वावधान में माँ चण्डी मंदिर परिसर, बिरकोनी में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन के निर्देशन में किया गया। शिविर की मुख्य थीम “मानवता के साथ नशामुक्ति के लिए पहला कदम” रही। इसमें जिले के बागबाहरा एवं महासमुंद विकासखंड से 310 जूनियर्स एवं 57 काउंसलर्स ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सभापति संदीप दीवान ने जूनियर्स को सेवा का संकल्प लेकर निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जूनियर रेडक्रॉस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
येतराम साहू, जिलाध्यक्ष भाजपा एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक सहभागिता का महत्व बताते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
दाऊ लाल चंद्राकर, पूर्व उपसभापति ने रेडक्रॉस की स्थापना एवं सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी जरूरतमंदों की बड़ी सहायता की जा सकती है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान रेडक्रॉस द्वारा दवाइयों एवं राशन वितरण सहित किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए शिविर को विद्यार्थियों के जीवन का एक सुनहरा अवसर बताया।
शोभा शर्मा, पूर्व पार्षद ने जूनियर्स को नशा, गुटखा एवं तंबाकू से दूर रहने तथा मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से बचने की प्रेरणा दी। पोखन दास मानिकपुरी, वरिष्ठ नागरिक ने कहा कि नशा समाज के विकास की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मानवता के गुणों को अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
विश्वनाथ पाणिग्रही, सदस्य ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए नियमित रूप से हाथ धोने, प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल कर उसे सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
राजेश्वर खरे, सदस्य ने भी जूनियर्स को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस शिविर में जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति के सदस्य प्रवीण दीवान, आकाश पाण्डेय एवं आनंद गिरि गोस्वामी का विशेष योगदान रहा
नंद कुमार सिन्हा, सहायक संचालक शिक्षा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अंजली बरमाल, सहायक क्रीड़ा अधिकारी ने खेल, योग एवं शारीरिक सक्रियता के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण से मिली आपातकालीन सहायता की जानकारी शिविर में डॉ. यशवंत चंद्राकर, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं रेडक्रॉस राष्ट्रीय प्रशिक्षक तथा दिनेश साहू, व्याख्याता एवं जिला रेडक्रॉस प्रशिक्षक द्वारा प्राथमिक सहायता (First Aid Training) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने दुर्घटना, चोट एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक सहायता देने के महत्व से अवगत कराया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में संकट की स्थिति में धैर्यपूर्वक कार्य करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा मानवीय सेवा के लिए तत्पर रहने की भावना विकसित करना रहा।
शिविर का संचालन करण सिंह सोरी प्राचार्य द्वारा किया,इस अवसर पर डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि, जीवन लाल चंद्राकर, अध्यक्ष, माँ चण्डी मंदिर समिति बिरकोनी, पारस राम सिन्हा, विखं जूरेक्रॉ सचिव बागबाहरा, किरण पटेल विखं जूरेक्रॉ सचिव महासमुन्द, काउंसलर्स उपस्थित रहे।
शिविर के आयोजन में लक्ष्मण दास मानिकपुरी, रुपेलाल साहू, श्रवण कुमार सिन्हा, गिरिश चन्द्राकर, वेदराम रात्रे, सी.आर. अग्रवाल, नरेश कुमार विश्वकर्मा, लता राजन, हितेन्द्र शर्मा, जानवी पटेल, महेश कुमार, केशव कन्नौजे, दीक्षा चन्द्राकर, सन्तराम साहू, करुणा चन्द्राकर, मनीषा राजपूत, भानेन्द्र कुमार बिसेन, अन्नपूर्णा मानिकपुरी, हेमलता मालीकर, चित्रसेन साहू, टामेश्वरी साहू एवं रीचा पाण्डेय तेजलाल देवांगन कंप्यूटर ऑपरेटर, द्वारिका प्रसाद सिन्हा कार्यालय सहायक एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमगांव की चिकित्सा टीम, माँ चण्डी मंदिर समिति बिरकोनी के प्रतिनिधियों ने भी शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
मौसम विभाग द्वारा बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान एवं भारी वर्षा की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था। कलेक्टर महोदय के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के परिप्रेक्ष्य में प्रतिभागियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपात बैठक में जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। केवल प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण समापन समारोह स्थगित किया गया। इस संबंध में फैलाया जा रहा अनर्गल दुष्प्रचार पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यों से परे है। शिविर की सफलता, व्यवस्थाओं एवं उद्देश्यों को लेकर किसी भी प्रकार की नकारात्मक भ्रामक जानकारी वास्तविकता को प्रतिबिंबित नहीं करती। प्रतिभागियों की सुरक्षा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय पूर्णतः जिम्मेदारीपूर्ण एवं परिस्थितिजन्य था।