MP Rajya Sabha By-Election: हरदीप सिंह पुरी के सामने निर्दली... - CG Sandesh

MP Rajya Sabha By-Election: हरदीप सिंह पुरी के सामने निर्दलीय राजकुमार लोहानी मैदान में, कांग्रेस ने दिया समर्थन

 भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी को समर्थन देने का फैसला किया है। लोहानी ने विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया है। इस दौरान उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे। कांग्रेस विधायक आरिफ अकील समेत कई पदाधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित थे।

कौन हैं निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी?

राजकुमार लोहानी का जन्म वर्ष 1959 में भोपाल में हुआ था। वे पुराने भोपाल के निवासी हैं और अब तक किसी राजनीतिक दल से जुड़े नही रहे हैं। लोहानी सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर काम करते हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी तक है।राज्यसभा उपचुनाव में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल किया है। कांग्रेस ने उन्हें अपना समर्थन दिया है।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था, लेकिन इस्तीफे के बाद सीट खाली हो गई। अब इसी सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

बीजेपी ने हरदीप सिंह पुरी पर जताया भरोसा

भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। 74 वर्षीय पुरी दिल्ली के निवासी हैं और केंद्र की मोदी सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।पुरी भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और राजनयिक हैं। वे वर्ष 2021 से पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का दायित्व संभाल रहे हैं। अब राज्यसभा उपचुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी से होगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें