महासमुंद : जिले में राज्योत्सव के अवसर पर महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को मिली नई पहचान, सिरपुर फ्रेश ब्रांड और लोगो का अनावरण
महासमुंद जिले में आयोजित राज्योत्सव 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत गठित महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को एक नया और अनूठा ब्रांड नाम सिरपुर फ्रेश प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चैधरी एवं विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अन्य मंचस्थ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में सिरपुर फ्रेश ब्रांड के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया।
जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने बताया कि इसके माध्यम से महासमुंद जिले के समस्त महिला स्वयं सहायता समूहों को एक ही मंच और एक ही नाम के तहत जोड़ा गया है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के लिए एक व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकेगा। सिरपुर फ्रेश ब्रांड महिला समूहों के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने का कार्य करेगा, साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
महासमुंद जिले का ऐतिहासिक स्थल सिरपुर अपनी प्राचीन और गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इसी ऐतिहासिक पहचान और गौरव की छाया को संजोते हुए इस ब्रांड का नाम सिरपुर फ्रेश रखा गया है। यह ब्रांड जिले की महिला समूहों की दीदियों को एक सूत्र में पिरोकर उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को खुले बाजार में एक वैश्विक पहचान दिलाएगा।