सीईओ अनुपमा आनंद ने बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत पीएम जनमन आवास, प... - CG Sandesh

सीईओ अनुपमा आनंद ने बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत पीएम जनमन आवास, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, आजीविका डबरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपम आनंद ने बुधवार को बागबाहरा विकासखंड के ग्रामों का मैदानी निरीक्षण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बागबाहरा कला, लमकेनी, तेंदूकोना एवं कलमीदादर का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आवास निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से चर्चा की और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भी निरीक्षण किया तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसी तरह ग्रामीण परिवारों की आजीविका के साधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्मित की जा रही आजीविका डबरियों का अवलोकन किया। उन्होंने गांवों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण करने पर जोर दिया।

आनंद ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पंचायत भवन पहुंचकर पंचायत स्तर पर संचालित प्रशासनिक एवं कार्यालयीन गतिविधियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का बेहतर लाभ आमजन को मिल सके।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें