सरायपाली में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, स्वच्छता में कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस की अनुशंसा
दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर नियंत्रण रखने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा, छत्तीसगढ़ एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 4 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सरायपाली में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेसर्स शिवानी पूजा सामग्री, उड़ियापारा सरायपाली से गाय के मलाई पनीर एवं गाय के दूध से बने पेड़े का विधिक नमूना जांच के लिए संकलित किया गया।
इसके अलावा मेसर्स अग्रवाल स्वीट्स, मेन रोड सरायपाली, मेसर्स अमृत होटल, पदमपुर रोड सरायपाली तथा मेसर्स विकास फैमिली ढाबा एवं रेस्टोरेंट, एनएच-53 सरायपाली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि एवं लेबल पर अंकित अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें। विभाग द्वारा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दीपावली पर्व के दौरान विशेष जांच अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।