news-details

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल शामिल हुए रावणभाठा के दशहरा उत्सव में

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज विजयादशमी पर्व के अवसर पर राजधानी के ऐतिहासिक रावणभाठा मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने रावणभाठा मैदान पहुंचकर भगवान श्री राम और लक्ष्मण की पूजा की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने रावणभाठा दशहरा मैदान के विकास के लिए एक करोड़ रूपए देने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक अपशिष्ट से निर्मित प्लस्टिक रूपी रावण का रिमोट दबाकर दहन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि वे 12 किलोमीटर दूर अपने गांव से रायपुर के रावणभाठा में बैल गाड़ी से दशहरा उत्सव देखने आया करते थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की परम्परा रही है कि यहां के निवासी सारी बुराई को बस्ती से बाहर रखते हैं और सभी अच्छाईयों को बस्ती के भीतर रखते है और यही कारण है कि रावणभाठा को बस्ती से बाहर बनाते है और राम चौरा को बस्ती के भीतर बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज असत्य पर सत्य के विजय का दिन है। उन्होंने प्रदेश वासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर सांसद श्री सुनील सोनी, विधायक श्री बृजमोहन अग्रवाल, श्री विकास उपाध्याय, नगर निगम के महापौर श्री प्रमोद दुबे, रावणभाठा आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री मनोज वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। रायपुर के रावणभाठा में दशहरा उत्सव 150 वर्षों से निरंतर मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जोन अध्यक्ष श्री सालिक सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।




अन्य सम्बंधित खबरें