महासमुंद : 223 लीटर अवैध शराब, 90 किलो महुआ लाहन और 2 वाहन जब्त
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी अमले ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 132 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 223 लीटर अवैध शराब, शराब बनाने में प्रयुक्त 90 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 2 वाहन जब्त किए गए हैं।
आबकारी विभाग की टीम ने आबकारी वृत्त महासमुंद शहर अंतर्गत ग्राम नयापारा में कार्रवाई करते हुए अरुण निहाल के रिहायशी मकान से 9 लीटर देशी प्लेन मदिरा बरामद की। इसी प्रकार गुरुनानक वार्ड महासमुंद में रंजीत सिंह के कब्जे से 7 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई। आबकारी वृत्त महासमुंद ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम पचेड़ा में भूपेन्द्र कुमार निषाद के रिहायशी मकान से 12 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
वहीं आबकारी वृत्त बागबाहरा के वार्ड क्रमांक 11 में अशोक बघेल के मकान से 5 लीटर देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई। इसी क्रम में आबकारी वृत्त पिथौरा अंतर्गत ग्राम कसहीबहारा में प्रवीण बंजारे के रिहायशी मकान से 6 लीटर महुआ शराब तथा आबकारी वृत्त सरायपाली अंतर्गत ग्राम बालसी में कौशल्या ओगरे के मकान से 13 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई इन कार्रवाइयों में सभी 132 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब जब्त की गई तथा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में आबकारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिक अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन से संबंधित शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07723-299317 तथा राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर 14405 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा मनपसंद ऐप के माध्यम से भी शिकायत किया जा सकता है।
अन्य सम्बंधित खबरें