बसना : अवैध सूदखोरी, भयादोहन और कर्ज से अधिक राशि वसूलने का ... - CG Sandesh

बसना : अवैध सूदखोरी, भयादोहन और कर्ज से अधिक राशि वसूलने का आरोप, रायपुर के फ्लैट में दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

महज 42 हजार रुपए उधार देने के बदले खाली चेक, बैंक पासबुक और दस्तावेज रखकर कथित रूप से भयादोहन एवं अवैध वसूली करने के मामले में बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 13 नवंबर को आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53) के रायपुर स्थित मोवा, डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट क्रमांक A-302 में दबिश देकर तलाशी ली।

इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षरयुक्त 160 खाली चेक, 48 खाली स्टांप, 9 ऋण पुस्तिका व जमीन के दस्तावेज, 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक तथा 1 लाख 20 हजार रुपए नकद सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है।

42 हजार के कर्ज के बदले वसूले 65 हजार, फिर भी नहीं लौटाए चेक

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान ने अपनी गाड़ी बनवाने के लिए आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपए उधार लिए थे। यह राशि आरोपी ने विनोद के छोटे भाई पिताम्बर चौहान के बैंक खाते में जमा कराई थी। आरोप है कि औपचारिकता के नाम पर आरोपी ने दोनों भाइयों के हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं।

शिकायत के मुताबिक, कर्ज की वसूली के लिए आरोपी ने घर पर लोगों को भेजकर और फोन पर धमकाकर दबाव बनाया। इस दौरान छोटे भाई के फोन-पे के माध्यम से आठ महीने में करीब 40 हजार रुपए तथा घर के बर्तन व सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपए नकद वसूले गए। इस प्रकार मूलधन से अधिक राशि वसूलने के बावजूद आरोपी ने खाली चेक वापस नहीं किए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसकर उनकी कैंसर पीड़ित मां के सामने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और चेक में मनमानी रकम भरकर न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने का भय दिखाया।

दस्तावेजों की जांच जारी, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बसना पुलिस ने ग्राम बंसुलाडीपा से जुड़े इस प्रकरण में रायपुर स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस का मानना है कि बरामद दस्तावेज कई अन्य लोगों के हो सकते हैं। अब इन बैंक खातों और कागजातों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं अन्य नागरिकों से भी इसी तरह अवैध वसूली तो नहीं की गई है।

थाना बसना में आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा पिता स्व. गुरुदयाल सिंह छाबड़ा, निवासी डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर (स्थायी निवासी वार्ड क्रमांक 10, बसना) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 296, 351(2) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 13 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें