बसना : सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ में बनेंगे महतारी सदन - CG Sandesh

बसना : सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ में बनेंगे महतारी सदन

  • मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को नई उड़ान: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रयासों से पिथौरा की तीन पंचायतों में बनेंगे भव्य 'महतारी सदन', 90 लाख रुपये की मिली मंजूरी
  • सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ में बनेंगे महतारी सदन, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जताया मुख्यमंत्री व पंचायत मंत्री का आभार
  • बसना विधानसभा के विकास में जुड़ा एक और स्वर्णिम अध्याय: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल पर पिथौरा की तीन ग्राम पंचायतों को मिली महतारी सदन की सौगात
बसना । प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की महत्वाकांक्षी 'महतारी सदन योजना' के तहत ग्रामीण मातृशक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ी सफलता मिली है। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सतत प्रयासों एवं विशेष पहल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पिथौरा विकासखंड की तीन प्रमुख ग्राम पंचायतों-सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ में भव्य 'महतारी सदन' निर्माण की अनुशंसा जारी कर दी गई है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के विशेष प्रयासों से इस कार्य के लिए कुल 90 लाख रुपये (प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए 30-30 लाख रुपये) की मंजूरी मिली है, जिससे स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण और सामाजिक गतिविधियों को एक सर्वसुविधायुक्त और स्थायी मंच प्राप्त होगा।

इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ में महतारी सदन का निर्माण होने से स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को अपनी नियमित बैठकों, कौशल उन्नयन प्रशिक्षण तथा अन्य रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक स्थायी और सुरक्षित मंच प्राप्त होगा।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और विशेषकर मातृशक्ति के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 'महतारी वंदन योजना' के बाद अब 'महतारी सदन' जैसी दूरदर्शी योजना से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं और समाज की मुख्यधारा में अपनी भागीदारी मजबूत कर रही हैं। बसना विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और क्षेत्र की जनता की हर मूलभूत आवश्यकता को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

महतारी सदन की स्वीकृति की खबर मिलते ही ग्राम पंचायत सांकरा, नरसिंगपुर और लाखागढ़ के जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों और ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। क्षेत्रवासियों ने मातृशक्ति के सम्मान और सुविधा में की गई इस ऐतिहासिक पहल के लिए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें