खल्लारी : गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने किय... - CG Sandesh

खल्लारी : गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने किया जानलेवा हमला, एक युवक की गई जान

ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान प्रेम प्रसंग (गर्लफ्रेंड) को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चार युवकों द्वारा धारदार चाकू और हाथ-मुक्कों से किए गए जानलेवा हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना 14 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। मामले में थाना खल्लारी पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम जाने के दौरान हुआ विवाद, आरोपियों ने उकसाया पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोमा निवासी रघुनाथ दीवान पिता चंद्रकुमार दीवान (22 वर्ष) 14 नवंबर की रात ग्राम कोल्दा में डीजे डांस प्रतियोगिता देखने गए थे। वहां उनकी मुलाकात छोटे भाई मनीष दीवान और उसके दोस्तों मन्नू दीवान, सोमनाथ दीवान व डेनिल दीवान से हुई। सभी साथ बैठकर कार्यक्रम देख रहे थे।

रात करीब 10:30 बजे जब ये सभी बाथरूम जाने के लिए पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की ओर गए, तभी कन्हारपुरी निवासी विष्णु दीवान और आंवराडबरी निवासी उसके तीन दोस्त अश्वनी साहू, गोकुल साहू एवं भावेश साहू वहां पहुंचे। आरोप है कि गोकुल साहू ने सोमनाथ दीवान को उकसाते हुए कहा कि उसने उसकी गर्लफ्रेंड को पटा लिया है और वह उससे बातचीत न करे। इसी बात को लेकर चारों आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का-मुक्की करने लगे।

बीच-बचाव करने पर चाकू से किया हमला, एक की मौत विवाद बढ़ता देख जब रघुनाथ दीवान, डेनिल दीवान, मन्नू दीवान और मनीष दीवान ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो चारों आरोपियों ने हत्या की नीयत से हाथ-मुक्कों और अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में डेनिल दीवान, सोमनाथ दीवान, मन्नू दीवान और मनीष दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को मौके पर मौजूद आनंद पटेल और डिगेश दीवान ने देखा।

तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, चार पर केस दर्ज घटना के बाद घायल मनीष दीवान और सोमनाथ दीवान को पुलिस वाहन की मदद से शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल डेनिल दीवान और मन्नू दीवान को निजी वाहन से जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद डेनिल दीवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रार्थी रघुनाथ दीवान की लिखित शिकायत पर थाना खल्लारी पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को आरोपी विष्णु दीवान (निवासी कन्हारपुरी) तथा अश्वनी साहू, गोकुल साहू और भावेश साहू (निवासी आंवराडबरी) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 109(1) (हत्या का प्रयास) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें