बागबाहरा : बिना संकेतक रोड पर खड़ी ट्रक, एम्बुलेंस के टकराने से दो की मौत, मामला दर्ज
14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 5:00 से 5:15 बजे के बीच NH-353 पर बागबाहरा सब्जी मंडी के आगे देवाशीष स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर बिना चेतावनी के खड़े ट्रक से बोलेरो एम्बुलेंस के टकराने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए, घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मालीडीह निवासी देवेंद्र चंद्राकर पिता रविंद्र चंद्राकर की निजी बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 14 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे महासमुंद से दो मरीजों और उनके तीन परिजनों को लेकर ओडिशा की ओर जा रही थी. वाहन को चालक भरत सिन्हा चला रहा था.
सुबह करीब 5:00 से 5:15 बजे के बीच जब एम्बुलेंस बागबाहरा सब्जी मंडी के आगे देवाशीष स्कूल के पास पहुंची, तभी मुख्य मार्ग पर ट्रक क्रमांक CG 06 GR 8455 खड़ा था. ट्रक के चारों पहिये सड़क पर ही थे और चालक ने बिना संकेतक ट्रक खड़ा रखा था. सुबह के समय घना कोहरा छाया होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे एम्बुलेंस चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया और एम्बुलेंस पीछे से ट्रक में जा टकराई.
इस भीषण टक्कर में एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, हादसे में उत्तरा दोरा और बसंता प्रधान की मृत्यु हो गई, जबकि लक्ष्मी दोरा, कल्याणी दास और बढ़िया प्रधान घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है.
वहीँ मामले में पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 06 GR 8455 के चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 125(a), 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 122/177 एवं 134/187 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया.