महासमुंद : चार स्थानों पर कार्रवाई कर 1,000 कट्टा से अधिक धान जब्त, मंडी विभाग को किया गया सुपुर्द
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 एवं 17 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त कर मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को तहसील कोमाखान अंतर्गत ग्राम करहीडीह निवासी प्रेषण साहू की बाड़ी में लगभग 500 कट्टा रबी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर धान जब्त कर मंडी विभाग को सौंप दिया।
इसी तरह मंगलवार को सरायपाली अनुविभाग के ग्राम बालसी में लगभग 280 कट्टा रबी धान अवैध रूप से संग्रहित पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम बालसी में ही फुटकर व्यापारी अनिल अग्रवाल के गोदाम में 120 कट्टा अवैध धान मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जब्ती की कार्रवाई की। इसके अलावा तहसील बसना अंतर्गत ग्राम कुदारीबहरा में सुदर्शन बड़हिया के घर से ओडिशा से लाकर रखा गया 100 पैकेट धान जब्त किया गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया है। इस प्रकार जिले में चार स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल लगभग 1,000 कट्टा धान जब्त किया गया है।
कलेक्टर लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं अनियमित गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अन्य सम्बंधित खबरें