news-details

कार्मिक संपदा ई-कर्मचारी साफ्ट्वेयर में शासकीय सेवकों की सभी जानकारियों को अद्यतन करने के निर्देश, समय-सीमा मे हुई वृद्धि

महासमुंद, 09 अक्टूबर 2019/कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को कार्मिक संपदा ई-कर्मचारी साफ्ट्वेयर में शासकीय सेवकों की सभी जानकारियों को समय सीमा में अद्यतन करने के निर्देश दिए है। राज्य शासन के सभी शासकीय सेवकों का ई-कर्मचारी सॉफ्टवेयर के माध्यम से एम्पलाए कोड तैयार कर एम्लाय डाटाबेस संधारित किया जा रहा है। इस एम्पलाय कोड के आधार पर ही ई-कोष ऑनलाईन सिस्टम के माध्यम से सभी कर्मचारियों का वेतन आहरण किया जा रहा है। ई-कर्मचारी सॉफ्टवेयर में शासकीय सेवकों की सभी जानकारियों को समय के साथ अद्यतन किए जाने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त जानकारियों को अद्यतन करने हेतु ई-कर्मचारी सॉफ्टवेयर में नवीन फील्ड जोड़ कर आवश्यक सुधार किया गया है, जिसमें सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के शासकीय सेवकों के सम्पूर्ण विवरण अद्यतन किया जाना है।

इस संबंध में जिला कोषालय अधिकारी श्री डी.पी वर्मा ने बताया कि आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को शासकीय सेवकों की जानकारी कार्मिक संपदा में अद्यतन किए जाने के लिए समयावधि में वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि 500 तक कर्मचारियों के लिए पहले एक अगस्त 2019 से 30 सितम्बर 2019 निर्धारित किया गया था, अब उसे बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2019 तक कर दिया गया है, वहीं 500 से अधिक कर्मचारियों के लिए 01 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2019 तक का समय निर्धारित किया गया था, अब उसे बढ़ाकर 30 नवम्बर 2019 तक कर दिया गया है। सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को अपने अधीनरथ सभी शासकीय सेवकों की सभी जानकारी कार्मिक संपदा (ई-कर्मचारी) में अद्यतन प्राथमिकता के साथ समय- सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए है।




अन्य सम्बंधित खबरें