बसना : समर्थन मूल्य खरीदी शुरू होते ही धान माफियाओं पर कार्रवाई, 240 पैकेट अवैध धान जब्त
खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका, दो गांवों में संयुक्त टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। दूसरे राज्यों और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से धान लाकर स्थानीय अलग अलग खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका के बीच बसना विकासखंड में प्रशासनिक टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 240 पैकेट अवैध धान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक स्थान से 140 पैकेट रवि फसल की धान और दूसरे स्थान से 100 पैकेट नया धान बरामद किया गया। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के शुरुआती दौर में हुई इस कार्रवाई से अवैध धान के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। खरीदी शुरू होने के साथ ही सीमावर्ती ओडिशा सहित प्रदेश के दूसरे इलाकों से धान लाकर स्थानीय उपार्जन केंद्रों में खपाने की आशंका भी बढ़ जाती है। शासन की निर्धारित व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने के उद्देश्य से ऐसे तत्व पहले से ही सुरक्षित ठिकानों की तलाश कर धान का भंडारण करने में जुट जाते हैं।
इसी तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना हरिशंकर पैकरा के मार्गदर्शन में मंडी उड़नदस्ता, राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मंडी सचिव श्रवण कुमार कुरुवंशी, मंडी निरीक्षक खुलु राम यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर धान के भंडारण की जांच की। पहली कार्रवाई ग्राम चंदखुरी में नारायण पटेल पिता गणेश प्रसाद पटेल के यहां की गई। जांच के दौरान धान उपार्जन केंद्र में खपाने के उद्देश्य से रखे गए 140 पैकेट रबी फसल के धान का भंडारण पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर धान की जांच और आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी 140 पैकेट जब्त कर लिए।
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम कुदारीबाहरा में सुदर्शन बरिहा पिता सार्तिको बरिहा के यहां की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पहुंची मंडी उड़नदस्ता, राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने यहां अवैध रूप से भंडारित 100 पैकेट नया धान बरामद किया। टीम ने मौके पर ही धान जब्त करने की कार्रवाई की। दोनों स्थानों से कुल 240 पैकेट धान की जब्ती प्रशासन की निगरानी व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
समर्थन मूल्य पर खरीदी के दौरान बाहरी धान की अवैध आवक और अनियमित भंडारण को रोकना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में शुरुआती दिनों में ही संयुक्त टीम की सक्रियता से अवैध कारोबार करने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों पर प्रशासन की नजर है। अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे भी अवैध धान भंडारण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध धान भंडारण परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से ओडिशा से लगे सीमावर्ती मार्ग के गांवों पलसापाली, साल्हेझरिया एवं कुदारीबाहरा में अंतरराज्यीय जांच चौकी स्थापित कर दिन रात निगरानी की जा रही है।