सरायपाली : शासकीय उच्च प्राथमिक शाला सिरबोड़ा का बीईओ टी.सी. पटेल ने किया औचक निरीक्षण
विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल ने शासकीय उच्च प्राथमिक शाला सिरबोड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी पटेल ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस दौरान सभी शिक्षकों की पाठ्यक्रम दैनंदिनी, मध्यान्ह भोजन योजना से संबंधित अभिलेखों सहित विद्यालय के अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि विद्यालय में बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, एनएमएमएसई एवं प्रयास विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी नियमित रूप से कराई जा रही है। इसके लिए प्रतिदिन विशेष अध्यापन कार्य किया जा रहा है।
विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे का भी नियमित आयोजन किया जाता है, जिसके माध्यम से बच्चों को पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है।
इस प्रकार विद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न नवाचारी प्रयासों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।